अत्याचार का डटकर मुकाबला करें: सीओ
पुरकाजी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अस्तित्व सामाजिक संस्था की ओर से खंड विकास कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार एवं घरेलू हिंसा आदि मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि सीओ सदर मणीलाल पाटीदार ने कहा कि घरों में पति-पत्नी के बीच होने वाले झगड़ों को कभी भी इतना बड़ा झगड़ा न बनाएं कि बाद में पत्नी का उस घर में जाना मुश्किल हो जाए। इसके अलावा थाने पर की जाने वाली शिकायतों में भी बढ़ा-चढ़ा कर न लिखा जाए। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर पुरकाजी संजीव कुमार शर्मा, छपार थाना प्रभारी आदेश त्यागी, रेहाना अदीब, शादाब, रानी, आजाद फरीदी, अर्पित धीमान आदि क्षेत्र की सैकड़ों महिलाऐं मौजूद रही। कार्यक्रम के उपरांत जलूस के रूप में महिलाएं थाने पहुंची और अपनी पांच मांगों का मांगपत्र पुलिस को सौंपा।
टावर से बैट्री के 40 सेल चोरी
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के एक गांव में चोर एक टावर के बैटरी के 40 सेल चोरी कर ले गए। टावर के टेक्नीशियन ने थाने पर तहरीर देकर घटना का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
ग्राम झबरपुर में एक निजी कंपनी का टावर है, जहां से बुधवार रात चोर टावर की बाउंड्री के तार काटकर सेल्टर का ताला तोड़कर टावर पर लगे बैटरी के 40 सेल चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार की सवेरे करीब छह बजे टावर डाउन होने का अलार्म बजने पर टावर पर तैनात टेक्नीशियन बैटरा रूम में पहुंचा और सेल गायब होने पर घटना की सूचना 100 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर वापस आ गई। टेक्नीशियन सुरेश कुमार निवासी ग्राम बैनीपुर थाना उत्तरांव जनपद इलाहाबाद ने थाने पर तहरीर देकर पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
नाले से अवैध कब्जा हटाया
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के ग्राम फलौदा में कुछ लोगों ने सरकारी नाले पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था, जिसकी कुछ ग्रामीणों द्वारा एसडीएम सदर से शिकायत कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। बृहस्पतिवार को राजस्व निरीक्षक अलीहसन के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर नाले से अवैध कब्जा हटवा दिया है। इस दौरान लेखपाल संजीव शर्मा, वेदप्रकाश, प्रशांत कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।