मुजफ्फरनगर। एक किशोर के सामने आने पर अचानक ब्रेक लगाने से बाइक से गिरे मासूम की मौत हो गई।
थानाभवन क्षेत्र के नया गांव निवासी युवक अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटे को साथ लेकर बाइक से शहर में आया था। रुड़की रोड पर अचानक सामने आए एक किशोर को बचाने के प्रयास में उसने बाइक के तेज ब्रेक लगाए, तभी उसकी पत्नी के साथ से मासूम बेटा नीचे सड़क पर सिर के बल गया। नीचे गिरते ही मासूम अचेत हो गया। दंपति तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, नरा जड़ौदा के साढे़ चार साल के बालक को भी उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में लाया गया था, उसकी भी मौत हो गई। दूसरी ओर, शहर के मोहल्ला रामलीला टीला निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति को भी परिजन उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल लेकर आए। उसे भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों मामलों में परिजनों ने किसी प्रकार की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई और शवों को अपने साथ ले गए। इस संबंध में जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी है।
निकाह कर लौटा प्रेमी युगल
मुजफ्फरनगर। घर से फरार हुआ प्रेमी युगल निकाह करके लौट आया। साथ में हाई कोर्ट से सुरक्षा का आदेश भी लाकर शहर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। उसने निकाह के प्रमाण पत्र भी पुलिस को दिए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर निवासी युवती का मोहल्ले के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। गत 22 दिसंबर को दोनों घर से फरार हो गए थे। युवती के पिता ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। सोमवार को प्रेमी युगल निकाह कर लौट आया। उन्होंने अपनी मर्जी से निकाह करने के प्रमाण पत्र और हाईकोर्ट द्वारा जारी किया गया उनकी सुरक्षा का आदेश भी पुलिस को सौंप दिया।