छोटूराम के चार छात्रों ने स्वर्ण पदक जीता
मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटूराम महाविद्यालय के चार छात्रों ने ताईक्वांडो में स्वर्ण पदक जीतकर परचम लहराया। कॉलेज प्राचार्य ने चारों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चौधरी छोटूराम महाविद्यालय के एमएससी कृषि के छात्र विक्की, सुदर्शन, अर्पण बालियान और शुभम शर्मा ने जीत का परचम लहराया है। चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में हुई जनपद स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न भार श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। सुदर्शन ने 56 किलो, अर्पण ने 80 किलो, विक्की ने 87 तथा शुभम ने 90 किलो श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये छात्र स्टेट गेम्स में प्रतिभाग करने के लिए जाएंगे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ नरेश मलिक ने विजेता छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए महाविद्यालय भरपूर प्रयास कर रहा है। इन छात्रों ने स्पोर्ट्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सहदेव मान की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त किया। छात्रों के स्वागत कार्यक्रम में कॉलेज के डॉ अवनीश, डॉ गिरिराज किशोर, डॉ सुभाष विकल, डॉ ओमबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।