प्रधानों और पंचायत सचिवों ने किया कलक्ट्रेट का घेराव
मुजफ्फरनगर। चयन प्रक्रिया सीधे करने और पैसा लाभार्थी के सीधे खाते में जाने के बाद भी शौचालय घोटाले में प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में जिलेभर के प्रधान और पंचायत सचिवों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। प्रधानों का आरोप था कि जांच के नाम पर अधिकारी उनका उत्पीड़न करते हैं। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम के आश्वासन और बुधवार को प्रधानों के साथ बैठकर वार्ता कर मामले को निपटाने की बात पर धरना समाप्त हुआ।
बघरा ब्लाक के ग्राम सोंहजनी जाटान के प्रधान सुनील और पंचायत सचिव राजकुमार के खिलाफ शौचालय के घपले में एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में जिले के अधिकतम ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रधानों ने कहा कि शौचालयों का चयन जनपद स्तर पर गठित टीम कर रही है। पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में जा रहा है। ऐसे में प्रधानों और पंचायत सचिवों को क्यों फंसाया जा रहा है। अधिकारी जांच के नाम पर उत्पीड़न करते हैं। प्रधानों ने यह मांग रखी कि शौचालय निर्माण की समस्त जिम्मेदारी सीएलटीएस टीम को दी जाए। प्रधानों को इससे बिल्कुल अलग किया जाए। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए सामग्री के मूल्य निर्धारित होने चाहिए। महंगी दरों के काम प्रशासन सस्ते में करा रहा है और अनैतिक दबाव बनाने के लिए जांच कराता है। गांवों में लगाई गई सौर ऊर्जा लाइटों की जांच कराई जा रही है।
न्यूनतम दरों पर लाइट लगाने के बाद भी जांच कराना केवल परेशान करने के अलावा कुछ नहीं है। प्रधानों की झूठी शिकायत करने वालों पर भी केस दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए। प्रधानों ने यह भी कहा कि वह जनप्रतिनिधि हैं अधिकारी उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करें। धरने पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने प्रधानों को उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। शाम के समय प्रधान संगठन के अध्यक्ष सतेंद्र बालियान की डीएम जीएस प्रियदर्शी से बात कराई। डीएम ने बुधवार को आमने-सामने बैठकर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। प्रधानों का प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों की टीम की सीधी बात होगी। अध्यक्षता सुरेंद्र प्रधान साल्हाखेड़ी और संचालन दानिश प्रधान पावटी एवं प्रमोद सठेडी ने किया।
धरने को जगपाल गुर्जर बरुकी, रविकांत सिकंदरपुर, राजकुमार सैनी रामपुर, नवीन राठी दूधाहेड़ी, सुरेश सैनी आदमपुर मोचडी, विनोद मढकरीमपुर, मदन रसूलपुर, अशोक कुतुबपुर, प्रताप तुगलकपुर, पंचायत सचिव संगठन के रविंद्र नागर, नरपत तेजलहेडा, रामनारायण खिंदडिया, नवीन राठी भूराहेडी, प्रेम फूलत, नेमपाल फिरोजपुर, आशीष वहलना आदि ने विचार रखे।
आरपार की लड़ाई होगी
मुजफ्फरनगर। जिले के प्रधानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी भी शाम को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने प्रधानों से एकजुटता की अपील करते हुए कहा कि उत्पीड़न किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा। उत्पीड़न के खिलाफ पूरे प्रदेश और देश के प्रधान खड़े हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार आरपार की लड़ाई होगी।
------
कचहरी में रही जाम की स्थिति
मुजफ्फरनगर। प्रधानों और पंचायत सचिवों के अच्छी संख्या में आ जाने से कचहरी में वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी रही। कचहरी में अपने काम से आने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।