गोल्डन टेंपल-छत्तीसगढ़ रद्द, बाकी ट्रेनें बहाल
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-टपरी वाया मेरठ रेलवे मंडल की लाइन पर तीन दिन से चक्का जाम पड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। सोमवार को गोल्डन टेंपल मेल और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस रद्द रही, बाकी का संचालन बहाल हो गया है। तीन दिन बाद ट्रेन चलने से आम यात्रियों ने राहत की सांस ली है। उधर, शहर में ट्रेनों के रद्द रहने से लाखों रुपये का व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा है।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर रेप का दोष सिद्ध होने के बाद समर्थकों ने उत्पात मचाया था। हरियाणा के पंचकूला, पंजाब और चंडीगढ़ आदि राज्यों ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप कर दिया गया। रेलवे बोर्ड ने उत्पात के मद्देनजर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। पिछले तीन दिनों से दिल्ली-टपरी वाया मेरठ मंडल की अधिकांश ट्रेनें बंद थी, क्योंकि 10 से 12 ट्रेनों का रूट सहारनपुर के रास्ते अंबाला, अमृतसर, चंडीगढ़ था, जिसके चलते रेलवे ने यात्रियों के साथ ट्रेनों को सुरक्षा की दृष्टि से रद्द रखा था। सोमवार से अधिकांश ट्रेनों को बहाल कर दिया गया है। शालीमार एक्सप्रेस, सुपर फास्ट के साथ सभी पैसेंजर पटरी पर दौड़ने लगी हैं। सोमवार को राम रहीम को रेप केस में सजा सुनाई गई है। हालांकि इसको लेकर रेलवे ने अमृतसर से आने वाली दो ट्रेनों के संचालन पर रोक को बरकरार रखा है। 12904 गोल्डन टेम्पल मेल अमृतसर से मुंबई सेट्रल तक जाती है, जबकि दूसरी ट्रेन 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस है। यह दोनों ही पंजाब राज्य से आती है। उधर, रेल संचालन प्रभावित होने से लाखों रुपये का कारोबार भी बेपटरी हो गया है। जिले से गुजरात, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली के अलावा अनेक राज्यों से व्यापारियों का माल एक्सपोर्ट, इंपोर्ट होता है। ट्रेन नहीं चलने से व्यापारियों को भी मुसीबत उठानी पड़ी है। स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि सोमवार से अधिकांश ट्रेनों का संचालन बहाल हो गया है। गोल्डन टेंपल मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस कैंसिल रही है। यह भी मंगलवार से सुचारु होंगी।