कमिश्नर और डीएम ने किया पौधरोपण
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। हिंडन वन महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय विधायक के साथ महलजना एवं रियावली घाट पर पौधरोपण किया।
इस कार्यक्रम में सोमवार को रियावली घाट पर पहुंचे कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि हिंडन नदी को प्रदूषणमुक्त करने के लिए सरकार ने हिंडन वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इस कार्यक्रम के तहत हिंडन के दोनों किनारों पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण ही हिंडन नदी को प्रदूषण से मुक्त करेगा। मंडलायुक्त ने गांव वालों से भी हिंडन नदी के पांच किलोमीटर के दायरे में पौधरोपण करने की अपील की। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने गांव वालों को बताया कि सरकार द्वारा उनके जनपद में हिंडन नदी के किनारे 45 हजार पौधे लगवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 20 हजार पौधे लगवाए जा चुके हैं। उन्होंने ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांव में अधिक से अधिक पौधे लगवाने का आह्वान किया। क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सरकार की योजना हिंडन-काली और कृष्णा नदी को बचाने की है। गंगाजल बिरादरी के डॉक्टर मेजर हिमांशु ने गांव वालों के बीच कहा कि सरकार हमारी समस्या का समाधान कर रही है। हमें जल की बर्बादी पर रोक लगानी होगी। कार्यक्रम में एसडीएम कुमार भूपेंद्र, तहसीलदार रतन वर्मा, डॉ राजीव कुमार और ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।