टैक्स बार के वकीलों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। टैक्स बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जीएसटी पंजीयन में आने वाली समस्याओं का समाधान कराने की मांग को लेकर एक ज्ञापन केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली के नाम एसडीएम को सौंपा।
मंगलवार को अधिवक्ता एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। अधिवक्ताओं ने केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कन्हई सिंह को सौंपा। ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि जीएसटी की कार्यप्रणाली बड़ी सरल एवं सुचारु रुप से लागू की जाएगी। खतौली मंडल ने जीएसटी पंजीयन के प्रारंभिक व्यवस्था में अधिकारियों द्वारा व्यवधान डाला जा रहा है। पंजीयन प्रार्थना पत्र इस आधार पर निरस्त कर दिए जाते हैं कि संलग्न दस्तावेज स्पष्ट नहीं है तथा दस्तावेज दाखिल नहीं है, जबकि वह पूर्व में दाखिल है। इस प्रकरण मेें अधिकारियों की विपरीत मंशा स्पष्ट है, जिसका समाधान अत्यंत आवश्यक है। क्योंकि जीएसटी को सुचारु रुप से चलाने के लिए व्यापारियों को विश्वास में लेना जरूरी है। खतौली वाणिज्यकर कार्यालय में इसके विपरीत कार्यप्रणाली है। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष नरेश जैन, महामंत्री पंकज शर्मा, रामकरण, ललित कुमार, संजीव कुमार, शीशपाल, मिर्जा आबिद अली, खालिद सिद्दीकी, विपिन कुमार आदि अधिवक्ता शामिल रहे।