वन वे व्यवस्था लागू, शहर में हर ओर जाम
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शहर में वन वे ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अस्तव्यस्त हो गई। शहर में मेरठ-रुड़की रोड को पूरी तरह ब्लाक करते हुए उससे जुड़ने वाले सभी रास्तों की बेरिकेडिंग कर उन्हें बंद कर दिया गया है। बुधवार को शहर में हर ओर जाम लगा रहा, जिसमें फंसे स्कूली बच्चे और राहगीर हलकान रहे।
कांवड़ यात्रा में प्रशासन ने शहर में रुड़की रोड और मेरठ रोड को पूरी तरह से कांवड़ियों के लिए सुरक्षित मार्ग बना लिया है। इसके लिए शहर में वन वे यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। कांवड़ मार्ग को जोड़ने वाली सभी मार्ग को बेरिकेडिंग कर बंद कर दिया है, जिससे मोहल्लों में रहने वाले लोगों का आने-जाने का रास्ता बंद हो गया। एसडी मार्केट जाने वाली सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं दूसरी ओर डाकखाने के बराबर वाले मार्ग में भी बैरियर लगा दिए गए है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। बुधवार को मीनाक्षी चौक और अस्पताल तिराहे पर दोपहर में जाम लगा रहा। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी होने से स्कूली बच्चे भी घंटो जाम में फंसे रहे। पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग की किलाबंदी किए जाने से राहगीरों को कई किलोमीटर का चक्कर काट कर आना जाना पड़ रहा है। जिससे प्रकाश चौक, महावीर चौक, झांसी रानी चौक, मालवीय चौक पर भी जाम की स्थिति लगातार बन रही है।