राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में 211 विद्यार्थी शामिल
मुजफ्फरनगर। शिक्षा विभाग की राष्ट्रीय प्रतिभा खोज एवं छात्रवृत्ति परीक्षा 2020 में 211 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा से 51 विद्यार्थी नदारद रहे। करीब एक माह बाद इस परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। इस मौके पर मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति पाने का अधिकार मिलेगा।
रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय प्रतिभा खोज राज्यस्तरीय परीक्षा तथा राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2020 का आयोजन हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा को सीसीटीवी कैमरे की सुरक्षा में संपन्न कराया गया।
डीआईओएस गजेंद्र सिंह ने बताया कि इन परीक्षाओं में कक्षा 10 और कक्षा आठ के यूपी बोर्ड के एडेड, शासकीय स्कूल कॉलेजों के साथ ही बेसिक शिक्षा परिषद और सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थी शामिल रहे। इस वार्षिक परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के आधार पर परीक्षार्थियों का चयन किया जाता है। इसमें कक्षा 10 के विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए 158 ने अपना पंजीकरण कराया था, लेकिन परीक्षा में 120 विद्यार्थी ही उपस्थित रहे। इनमें से 38 छात्र अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा कक्षा आठ के लिए 104 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, इनमें से परीक्षा में 91 विद्यार्थी शामिल रहे। इनमें से 13 विद्यार्थी परीक्षा में हाजिर नहीं हो पाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा का परिणाम करीब एक माह बाद घोषित किया जाएगा। परीक्षा में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के आधार पर तैयार प्रश्नपत्र दिया गया था। इसमें सफल विद्यार्थियों की मेरिट बनेगी और इसी के आधार पर अगली कक्षाओं में जाने पर इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा। यह लाभ उनको जीवन में हर स्तर की पढ़ाई के लिए मिलता रहेगा।