चीनी मिलों ने किया 45.23 करोड़ का भुगतान
मुजफ्फरनगर। जिले की चीनी मिलों ने नए सत्र के गन्ना भुगतान की शुरूआत कर दी है। टिकौला, खतौली, मंसूरपुर मिल ने 45.23 करोड़ का भुगतान समितियों के माध्यम से जारी किया है। हालांकि तीन चीनी मिलों पर गत वर्ष का 132 करोड़ अभी भी बकाया है।
दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन का असर यहां भी दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन के दबाव में जिले की चीनी मिलों ने इस सत्र के गन्ना भुगतान की शुरूआत कर दी है। जिले की टिकौला चीनी मिल ने इस सत्र का 17.13 करोड़, खतौली ने 14.37 करोड़, मंसूरपुर ने 13.73 करोड़ का भुगतान कर दिया है। इस सत्र का अब तक 45.23 करोड़ का भ्ुागतान हो गया है। बाकी मिलों पर भी भुगतान का दबाव बना है। जिले की तीन चीनी मिलों पर गत सत्र का 132 करोड़ अभी भी बकाया है। इनमें अकेली भैसाना चीनी मिल पर 103 करोड़ बकाया है। मोरना पर 21 करोड़ और खाईखेडी पर नौ करोड़ बकाया है। जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी ने बताया कि खाईखेड़ी अपना सारा बकाया भुगतान मंगलवार तक कर देगी। मोरना के अधिकारियों से भी जल्द भुगतान के लिए बात चल रही है।
किसानों को तीसरा मौका मिला
मुजफ्फरनगर। गन्ने की पर्ची दो बार समय से नहीं डाल पाने वाले किसान को अब तीसरी बार भी मौका मिलेगा। प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय आर भुसरेड्डी ने इस संबंध में सभी डीसीओ को आदेश जारी कर दिया है। डीसीओ आरडी द्विवेदी ने बताया कि हायल पर्ची में अब तीसरी बार भी किसान को गन्ना डालने का मौका मिलेगा। एसएमएस के माध्यम से उसके पास सूचना पहुंच जाएगी।