यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन दसवीं का छात्र नकल करते पकड़ा गया है। यह छात्र सीसीटीवी कैमरे की मदद से पकड़ में आया है। सुबह और शाम की पॉली में जिले में 30 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने पेपर दिया है, जबकि 2100 से ज्यादा विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। बहीखाता सिद्धांत वर्ग में एक छात्र पंजीकृत था, लेकिन वह भी परीक्षा देने नहीं आ सका।
यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन हाईस्कूल वर्ग में हिंदी का पेपर रहा। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई। खास बात यह है कि गांव से परीक्षार्थी अपने निजी वाहनों, किराए पर बस, टेंपू के साथ अन्य छोटे वाहनों को लेकर केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। निजी वाहनों से आने वालों में छात्राएं अधिक हैं।
यह सभी दूरदराज से शहर के भीतर परीक्षा देने पहुंच रही हैं। इसके अलावा भी अभिभावकों और परिचितों की बच्चों को परीक्षा केंद्र पर लाने की ड्यूटी लग गई है। सुबह की पॉली में सामान्य हिंदी वर्ग में 32170 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30013 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2175 ने पेपर से मुंह मोड़ लिया।
प्रारंभिक हिंदी में 66 पंजीकृत, 61 परीक्षा देने पहुंचे, जबकि पांच ने पेपर छोड़ दिया। सुबह पॉली में इंटरमीडिएट वर्ग का संगीन गायन में 39 पंजीकृत, 38 परीक्षा देने आए और एक ने पेपर छोड़ दिया। संगीत वादन में 46 में 45 ने परीक्षा दी। एक छात्र गायब रहा। इसके अलावा बहीखाता सिद्धांत में एक छात्र पंजीकृत था, वह भी परीक्षा में नहीं आया है।
इंटरमीडिएट शाम की पॉली में सामान्य आधारिक का पेपर हुुआ। इसमें 525 पंजीकृत थे, इनमें से 512 ने परीक्षा दी, जबकि 13 अनुपस्थित रहे। बुधवार को करीब 32780 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30607 ने परीक्षा में भाग लिया। 2173 ने पेपर छोड़े हैं।
सुबह हिंदी की परीक्षा में जीआईसी परीक्षा केंद्र पर एक छात्र नकल करते पकड़ा गया है। यह छात्र दसवीं कक्षा है, जो सीसीटीवी कैमरे की मदद से पकड़ में आया है। फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने जरूरी कार्रवाई करते हुए छात्र की कॉपी को सील किया है।
फ्लाइंग स्क्वाड ने कई केंद्रों पर छापा मारा
मुजफ्फरनगर। परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए जनपद में पांच फ्लाइंग स्क्वाड टीम बनाई गई है। यह टीम अलग-अलग तहसील क्षेत्र में तैनात की गई है। परीक्षा के समय स्क्वॉड ने कई कॉलेजों में छापामारी कर छात्रों के प्रवेश-पत्रों के साथ कॉपियों की जांच-पड़ताल की है। इसके अलावा भी केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों की जांच की गई।
जिला मुख्यालय पर जमा होंगी कॉपियां
मुजफ्फरनगर। रोजाना परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी केंद्रों को जिला मुख्यालय पर उत्तरपुस्तिकाएं जमा करानी होंगी। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय से कड़े निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैरहाजिर रहने वाले कक्ष निरीक्षकों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसको लेकर रोजाना कॉपियों को एकत्र कर कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में जमा कराया जाएगा।
आज यह होंगी परीक्षाएं
बृहस्पतिवार को हाईस्कूल वर्ग में कृषि का पेपर रहेगा, जबकि इंटरमीडिएट वर्ग में हिंदी द्वितीय का पेपर रहेगा।