किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा : पांडेय
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और निर्भीक तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने रविवार को दोपहर के समय ट्रेजरी पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। डीएम राजीव शर्मा ने उन्हें चार्ज सौंपा। इस अवसर पर जिले भर के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद ऑफिस में पत्रकारों से वार्ता में पांडेय ने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी हल ढूंढा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं वाली योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जाएगा। जनपद में संचालित समस्त योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर लागू कराएंगे। नागरिकों के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगे और उनकी समस्याओं का हर संभव निदान करने के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे। कानून व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाना और भाईचारा कायम करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर निपटाया जाएगा। समस्याओं का स्थायी हल ढूंढा जाएगा। डीएम के तौर पर जनपद में स्वच्छ, ईमानदार, विश्वसनीय, जवाबदेह, पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी। नवागंतुक डीएम अजय शंकर पांडेय प्रयागराज के मूल निवासी हैं और 2005 बैच के आईएएस अधिकारी है। इससे पहले वे राजस्थान सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। सीडीओ अर्चना वर्मा, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एडीएम वित्त आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम बुढाना नितिन गौड आदि मौजूद रहे।
राजीव शर्मा को विदाई दी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत के सभागार में डीएम राजीव शर्मा की विदाई हुई और नवागंतुक डीएम अजय शंकर पांडेय का स्वागत हुआ। कलक्ट्रेट कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से आयोजित विदाई समारोह में वक्ताओं ने राजीव शर्मा के कार्यों की सराहना की। विदाई समारोह में जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे। राजीव शर्मा ने कहा कि जिले में उन्हें इतना स्नेह मिला है, जिसे वह कभी भुला नहीं पाएंगे। सीडीओ अर्चना वर्मा, एडीएम अमित सिंह ने कहा कि शर्मा ने हमेशा प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं को क्रियान्वित किया। पुष्प गुच्छ और माला पहनाकर शर्मा को विदाई दी गई। एमडीए सहित विभिन्न विभागों ने उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किए। एमडीए के चीफ इंजीनियर एसपी सिंह भी मौजूद रहे।