पुलिस ने न्याय दिलाने की गुहार लगाई
खतौली। पति ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली। पीड़िता पहली पत्नी व उसके परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाने में हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़िता व उसके परिजनों ने पुलिस के समक्ष इंसाफ दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
बुढ़ाना क्षेत्र निवासी रामगोपाल अपनी विवाहित पुत्री अंजलि व अन्य परिवार के लोगों को साथ लेकर रविवार को थाने में पहुंचा। रामगोपाल ने बताया कि उसने अपने पुत्री अंजलि की शादी 2015 में जगत कॉलोनी निवासी युवक से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में कार या चार लाख रुपये की नगदी देने की मांग करने लगे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल के लोगों ने अंजलि को जहर देकर हत्या करने का भी प्रयास किया। इतना ही नहीं ससुराल वालों ने अंजलि को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया था। अंजलि के तीन साल का बेटा है। रामगोपाल ने बताया कि उसके दामाद ने अपने परिजनों से मिलकर गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली। इस बात का पता चलने पर उन्होंने थाने में दामाद सहित उसके परिजनों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस ने अभी तक आरोपियों के विरुद्ध ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता व उसके परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़िता विवाहिता का पहला पति और उसके परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।