करंट की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत
मुजफ्फरनगर। गांव वहलना-सुजड़ू मार्ग पर 11 हजार की हाईवोल्टेज लाइन का फॉल्ट ठीक करते समय अचानक सप्लाई शुरू होने से ठेकेदार के अंडर में काम करने वाले युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मौलाहेड़ी निवासी सचिन (25) पुत्र यशबीर गांव सुजड़ू स्थित 66 केवीए बिजलीघर पर ठेकेदार के अंडर में काम करता था। मंगलवार शाम वह गांव वहलना-सुजड़ू मार्ग पर 11 हजार की हाईवोल्टेज लाइन पर आए फॉल्ट को ठीक करने के लिए शटडाउन लेकर गया था। खराब लाइन को ठीक करते समय अचानक किसी ने बिजलीघर से शटडाउन लिए जाने के बावजूद बिजली सप्लाई चालू कर दी। इसके चलते लाइन पर काम कर रहा सचिन हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। उधर, हादसे को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बिजलीघर कर्मचारियों की लापरवाही से युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिन्हें बामुश्किल समझा-बुझाकर शांत किया गया।