मुजफ्फरनगर। अमर उजाला फाउंडेशन अनूठी पहल अपराजिता के तहत सोमवार को डीएस पब्लिक स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की अलख जगाकर उपस्थित छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी सिटी ने कार्यक्रम में कहा कि पूर्व समय में समाज की मानसिकता लड़कियों को लेकर काफी पिछड़ी हुई थी, जिसमें किसी से उसके बच्चों के बारे में पूछे जाने पर वह केवल लड़कों की गिनती करता था। जब से बच्चियों ने समाज को अपनी मजबूती दिखाते हुए शानदार कॅरियर और समाज में ऊंचा मुकाम हासिल करके दिखाया है, तभी से वे भी बच्चों में गिनी जाने लगीं हैं, जिसका असर उनके अभिभावकों पर भी पड़ रहा है। एसपी सिटी ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि अब जो अवसर अभिभावक उन्हें दे रहे हैं, उसका पूरा लाभ उठाते हुए उच्च शिक्षा हासिल करें। एसपी सिटी ने छात्रों को भी सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया एक इन्फॉर्मेशन हाईवे के रूप में विकसित हो रहा है, जिस पर पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। युवाओं को बिना सोचे-समझे सोशल मीडिया पर किसी को भी फ्रैंड्स रिक्वेस्ट भेजने से बचना चाहिए, क्योंकि इसके जरिये शातिर ठग आपकी आईडी हैक कर उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने को किया प्रेरित
एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों का पालन करने और अपने अभिभावकों को वाहन चलाते समय हेलमेट या सीट बेल्ट लगाने के लिए कहने को प्रेरित किया। वहीं, टीएसआई राजेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को बिना वैध लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया।
आग से बचाव की दी जानकारी
पुलिस की पाठशाला में पहली बार शामिल हुए सीएफओ रमाशंकर तिवारी ने छात्र-छात्राओं को आग लगने के कारणों की जानकारी देते हुए उन्हें आग पर काबू पाने के भी तरीकों से अवगत कराया। विद्यार्थियों को अपने घर पर हर समय पानी स्टोर रखने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही किसी के भी शरीर में आग लगने पर उसे दौड़ने नहीं देने और जमीन पर लेटकर इधर-उधर लुढ़कते हुए आग बुझाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में अंडर ट्रेनिंग आईएस श्रद्धा पांडेय, महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी शर्मा भी मौजूद रहीं।
छात्र-छात्राओं से बूझे ट्रैफिक नियम
पुलिस की पाठशाला में एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया ने छात्र-छात्राओं से ट्रैफिक के नियम भी बूझे। उन्होंने वाहन चलाने के लिए जरूरी उम्र, हेलमेट व सीटबेल्ट क्यों जरूरी है ? के साथ ही सड़क हादसों के कारणों की जानकारी बूझी, जिसके छात्र-छात्राओं ने सही जवाब दिए। सवालों के सही जवाब देने पर एसपी ट्रैफिक ने सभी की हौसला अफजाई करते हुए इन नियमों को जीवन में मूर्तरूप में उतारने का भी आह्वान किया।
अतिथियों का किया स्वागत
डीएस पब्लिक स्कूल में हुए कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन एसएल शर्मा, मैनेजर सुधीर कुमार शर्मा, कॉर्डिनेटर संदीप शर्मा व प्रधानाचार्या संतोष जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करने के साथ ही उन्हें प्रतीक चिह्न के रूप में ट्रॉफी भेंट कीं।