शाहपुर। गांव कमालपुर में अफसरों की टीम ने आवारा पशुओं के लिए प्रस्तावित गोशाला के लिए भूमि का निरीक्षण किया। जिला पंचायत सदस्य राजीव प्रताप सैनी ने अफसरों को गांव कमालपुर में गोशाला के निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया था। इसी के चलते शुक्रवार को एसडीएम बुढ़ाना नितिन गौर ने क्षेत्र के हलका लेखपाल के साथ कमालपुर में पहुंचकर प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीएम ने लेखपाल को उक्त भूमि का खसरा नंबर सहित मौजूद रकबे की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि गोशाला निर्माण की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके। इस दौरान ग्रामीणों ने अफसरों को ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की, जिस पर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
मारपीट में छात्र समेत दो घायल
भोपा। मोहम्मद रजा ने तहरीर देकर बताया कि परिजनों के साथ उसका मकान संबंधी विवाद है। शुक्रवार को वह घर पर था। इसी दौरान दो युवक पहुंचे और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उधर, मोरना में शुक्रवार को कॉलेज से लौट रहे छात्र पर कुछ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों घायलों ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पशु चिकित्सक संदिग्ध हालात में लापता
भोपा। थाना क्षेत्र के मोरना निवासी विनोद कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसका चचेरा भाई बहूपुरा मार्ग निवासी सतीश कुमार पशु चिकित्सक है। शुक्रवार सुबह वह बाइक पर गांव ककराला में गया था, जिसके बाद वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसका मोबाइल भी तभी से स्विच ऑफ आ रहा है। डॉक्टर की हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस गंभीरता से मामले को लेकर चिकित्सक की तलाश में जुटी है।