गंगनहर कांड में एसपी देहात ने पुलिसकर्मियों के बयान लिए
रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। रतनपुरी क्षेत्र में मंगलवार तड़के गांव सठेड़ी गंगनहर किनारे झाड़ियों में ग्रामीणों को निर्वस्त्र मिली गाजियाबाद की युवती को बिना किसी कार्रवाई के भेज देने का मामला पुलिस के लिए गले की हड्डी बन गया है। एसपी देहात आलोक देहात ने उन पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने बिना कार्रवाई के युवती को बस में बैठाकर चलता कर दिया था। हालांकि थानेदार, हलका इंचार्ज इस संबंध में कुछ भी बताने से कतरा रहे हैं।
गाजियाबाद निवासी युवती निर्वस्त्र अवस्था में गांव के दो युवकों का मिली थी। ग्रामीणों के मुताबिक युवती ने बताया था कि कार सवार चार युवक उसको जान से मारने की नीयत से गंगनहर में फेंक कर गए हैं। रतनपुरी पुलिस ने युवती को कपड़े पहनवाए और उससे पूछताछ की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के पचड़ों से बचने के लिए युवती को गाजियाबाद के लिए बस में बैठाकर चलता कर दिया था। निर्वस्त्र मिली युवती के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने जांच बैठा दी थी। एसएसपी ने इस मामले की जांच एसपी देहात आलोक शर्मा को सौंपी। एसपी देहात ने रतनपुरी थाने के उन पुलिसकर्मियों के बयान लिए हैं, जिन्होंने युवती को बस में बैठाकर गाजियाबाद भेज दिया था। एसपी देहात ने इस संबंध में ग्रामीणों से भी जानकारी ली है। हालांकि एसपी देहात ने जांच के बारे में कुछ भी बताने से स्पष्ट इंकार कर दिया है। उधर, गाजियाबाद से न तो युवती थाने में कानूनी कार्रवाई कराने को पहुंची और न ही उसके परिजन अभी तक रतनपुरी थाने में पहुंचे।
-रतनपुरी क्षेत्र में गंगनहर किनारे झाड़ियों में निर्वस्त्र मिली युवती के मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए हैं। ग्रामीणों से भी जानकारी ली जा चुकी है। जांच पड़ताल पूरी कर एसएसपी को अवगत कराया जाएगा। -
आलोक शर्मा, एसपी देहात।