नगीना। एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने जलाकर मारने की कोशिश की। महिला के मायके वालों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी पर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। विवाहिता की बहन की ओर से पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव रमपुरा लशकरी निवासी फारुख के पुत्र इसरार की शादी करीब चार वर्ष पूर्व नहटौर थाना क्षेत्र के गांव फुलसंदा निवासी साबिर की पुत्री अफसाना के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अफसाना को कम दहेज लाने को लेकर मारपीट करते हुए उससे दो लाख रुपये लाने की मांग करते रहते थे। आए दिन अफसाना के साथ मारपीट होने से परेशान मायके वाले कुछ दिन पूर्व उसे अपने घर ले गए। करीब एक माह पूर्व जिम्मेदार लोगों के समझाने पर ससुराल वाले उसे वापस ले गए। आरोप है कि 31 दिसंबर की सुबह अफसाना के ससुराल पक्ष के लोगों ने जला कर मारने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने गंभीर रूप से झुलसी अफसाना को मंगलवार की देर रात सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत में उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। थाना नहटौर क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी अफसाना की बहन बरकती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति इसरार, ससुर फारूख, सास, देवर, जेठ, जेठानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी एसएसआई राजकुमार वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करने की पुष्टि की है। सीएचसी प्रभारी नवीन कुमार ने बताया की पीड़िता का चेहरा काफी झुलसा हुआ है।