ट्रेनी आईएएस को वाहन मिलने में लगेंगे तीन दिन
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के एसडीएम के रोडवेज बस में चलने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद शासन और जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाइ। शासन ने वाहन के लिए धनराशि स्वीकृति कर दी है। पुणे से मुजफ्फरनगर के लिए सूमो चल चुकी है, जिसे यहां आने में तीन दिन लगेंगे।
जिले में दो एसडीएम बुढ़ाना और खतौली की गाड़ी एक माह पहले खराब हो चुकी है। दोनों एसडीएम को नई गाड़ी के लिए शासन को लिखा गया है। शासन ने एसडीएम के लिए सूमो, एडीएम के लिए बोलेरो और डीएम के लिए इनोवा तय कर रखी है। दोनों एसडीएम को सूमो ही मिलेगी। बुधवार को बुढ़ाना के एसडीएम एवं ट्रेनी आईएएस नितिन गौर के रोडवेज में सफर करने की खबर के अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन से लेकर शासन तक चर्चा का विषय बना रहा। शासन ने गाड़ी के लिए पैसा जारी कर दिया। पुणे में गाड़ी की बुकिंग भी हो गई। कलक्ट्रेट के नाजिर सुभाष कुमार ने बताया कि बुधवार को शासन से दोनों एसडीएम की गाड़ी का पैसा मिल गया है। टाटा कंपनी को पुणे में गाड़ी बुक करा दी गई है। दोनों गाड़ी पुणे से मुजफ्फरनगर के लिए चल चुकी है। इन गाड़ियों को जिले में आने में तीन दिन लगेंगे। आते ही दोनो गाड़ियां बुढाना और खतौली के एसडीएम को दे दी जाएगी।