भगवान शिव की शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली
खतौली। शिवरात्रि के पर्व पर नगर में भगवान शिव की शोभायात्रा बैंडबाजों के साथ धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभा यात्रा में सुंदर झांकियां आकर्षक का केंद्र रही। बड़ा बाजार स्थित श्री शिव मंदिर से बृहस्पतिवार को भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली गई। नगर में शोभायात्रा जीटी रोड, जुमा पैंठ रोड, ढाकन चौक होती हुई वापस शिव मंदिर में जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा का कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
विवाहिता से मारपीट, तीन नामजद
रतनपुरी। गांव फुलत में ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता के पिता ने तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। गांव फुलत निवासी खुर्शीद पुत्र सगीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो माह पूर्व उसकी बेटी शीबा का निकाह गांव के ही नदीम पुत्र मुन्ना से हुआ था। निकाह के बाद से ही पति व उसका भाई नौशाद, बहन जीनत उसकी बेटी शीबा को प्रताड़ित करते चले आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी ससुरालवालों ने शीबा के साथ मारपीट की। पिता खुर्शीद ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।