मुजफ्फरनगर। जैन कन्या इंटर कॉलेज नई मंडी में महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में आईजी नवनीत सिकेरा की पत्नी पूजा सिकेरा ने छात्राओं से कहा कि वह जीवन में आत्म विश्वास को कम न होने दें। छात्राओं को संबोधित करते हुए पूजा सिकेरा ने कहा कि हमें अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। हमें अपना सुरक्षातंत्र स्वयं तैयार करना होगा। आत्म विश्वास को हमेशा बनाए रखें। सकारात्मक ढंग से समाज का दृष्टिकोण बदलने में महिलाओं को ही शुरुआत करनी होगी। राजीव शर्मा और बीना शर्मा ने भी विचार रखे।
दादा-दादी की कांवड़ लेकर पहुंचा राहुल
मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाला राहुल दादा-दादी की कांवड़ लेकर शहर में पहुंचा। वह मेरठ का रहने वाला है।
मेरठ के जंगेठी गांव का रहने वाला राहुल अपनी दादी कश्मीरी और दादा छोटे लाल को हरिद्वार से कंधे पर बैठाकर कांवड़ के रूप में ला रहा है। इससे पहले वह बिना दादी-बाबा के आठ बार कांवड़ ला चुका है। उसकी इच्छा 90 साल के अपने दादा-दादी को कांवड़ के रूप में लाने की थी, जिसे वह पूरी कर रहा है। राहुल का कहना है कि कांवड़ यात्रा में आम जनता का तो सहयोग मिल रहा है, लेकिन प्रशासन का पूरे मार्ग में कोई सहयोग नहीं मिला। उसे दवा लाने के लिए डेढ़ किमी दूर जाना पड़ा। वहीं, मेरठ के दौराला निवासी संजीव कुमार लेटकर कांवड़ ला रहे हैं। बेटे के लिए कांवड़ बोली थी। चार बेटियों के बाद बेटा हुआ तो कांवड़ लेकर आ रहा है। बेटे का नाम हिमांशु रखा है। इसके साथ में परिवार के अरविंद, राजेश, अंजू, कोमल, हरदीप शामिल हैं।