कलांगन शिविर से कई प्रतिभाएं सामने आईं
मुजफ्फरनगर। मदनमोहन मालवीय इंटर कॉलेज में राज्य ललित कला अकादमी के सहयोग से कलांगन द्वारा संचालित कला शिविर में अमूर्त संयोजन कला का प्रशिक्षण दिया गया।
बाल एवं युवा कलाकारों को कलाकार कुलदीप कुमार ने गहराई से अमूर्त संयोजन के बारे में बताया। एक माह तक चलने वाले ग्रीष्म कालीन शिविर में प्रतिदिन एक अलग विधा में प्रतिष्ठित कलाकार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संयोजक डॉ महावीर सिंह का कहना है कि शिविर का अपना महत्व है। यहां से कई प्रतिभाएं सामने आई है। कला अब केवल आत्म संतुष्टि का ही माध्यम नहीं है, यह रोजगार का भी माध्यम है। प्रमोद कुमार, अनिल सैनी, देवदयाल, आदित्य, नरेश आदि का सहयोग रहा।
एनसीसी जवानों को फायरिंग का प्रशिक्षण
मुजफ्फरनगर। एनसीसी की 82 यूपी बटालियन के तत्वावधान में एसवीएम योगा एंड साइंस महाविद्यालय में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
छोटूराम कॉलेज की फायरिंग रेंज पर कैडेटों को निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल सुमित बंसल ने कहा कि लड़ाई के दौरान जवान का लक्ष्य एक गोली एक दुश्मन होना चाहिए। इसके लिए हथियारों का सही प्रशिक्षण जरूरी है। मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के जवानों ने अचूक निशाने साधे। ब्वायज वर्ग में आदित्य बालियान को प्रथम, अभिषेक तोमर को द्वितीय, ऋतिक को तृतीय स्थान मिला। जूनियर वर्ग में सादिक, विशाल और नमनराज क्रमश: स्थान पर रहे। गर्ल्स वर्ग में उज्ज्वल तोमर पहले, शिल्पी सैनी दूसरे, पारुल तीसरे स्थान पर रही। जूनियर वर्ग में भारती, राधिका, तारिणी रानी ने क्रमश: स्थान पाया। एम बोरो, विजय कुमार, अरविंद, सुनील कुमार, सरुप सिंह, सतेंद्र तोमर, जयवद्र्धन, सतीश कुमार, धनपाल, सुरेश कुमार आदि रहे।