पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा
मोरना।
गांव भुवापुर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच राशन डीलर की दुकान के प्रस्ताव पर ग्रामीणों ने सहमति जताई है। ग्रामीणों के बीच तनातनी बनी रही। ममता देवी के पक्ष में सर्वाधिक ग्रामीणों ने सहमति जताई। पुलिस ने कई बार लाठियां फटकार कर ग्रामीणों की भीड़ को खदेड़ा। अधिकारियों ने प्रस्ताव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न होने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर राहत की सांस ली।
ककरौली क्षेत्र के गांव भुवापुर में राशन डीलर पर राशन वितरण में धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की थी। शिकायत पर जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर राशन डीलर की दुकान को निरस्त कर दिया गया था। सोमवार को गांव प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में मोरना विकास खंड अधिकारी बीपी सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में खुली बैठक का आयोजन किया गया। ममता देवी पत्नी दीपक कुमार, सत्ती पत्नी रकम सिंह व शिवानी पत्नी रवि ने राशन डीलर की दुकान के आवंटन प्रस्ताव के लिए नामांकन किया। इस दौरान पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ को हटाने के लिए लाठियां भी फटकारी। ममता देवी के पक्ष में 490, सत्ती देवी के पक्ष में 333 व शिवानी देवी के पक्ष में 180 ग्रामीणों ने अपनी सहमति जताई। ममता देवी को 490 सर्वाधिक लोगों की सहमति मिलने पर राशन डीलर की दुकान का प्रस्ताव उनके पक्ष में संपन्न हो गया। बीडीओ बीपी सिंह ने बताया कि प्रस्ताव को एसडीएम जानसठ के समक्ष भेजा जाएगा। वे इस सहमति प्रस्ताव को डीएम को प्रेषित करेंगे। मत डलवाने के दौरान एडीओ सुधीर बालियान, राम शिरोमणि, ग्राम विकास अधिकारी पंकज, उमेश, संदीप, संजीव गहलोत, प्रधान सुषैन चौहान, सुभाष चौहान, डॉ. मोहन आदि उपस्थित रहे।