सोलानी नदी में खुदाई का कार्य आरंभ
पुरकाजी। खादर क्षेत्र में बाढ़ के बचाव को लेकर डीएम के आदेश पर बुधवार से सोलानी नदी में खुदाई का कार्य आरंभ कर दिया गया है। काफी दूर तक नदी के अंदर की मिट्टी खोदकर पानी की कैपेसिटी का प्रयास किया जा रहा है।
खादर क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष सोलानी नदी में बाढ़ आने से क्षेत्र के अलमावाला, जिंदावाला, फरीदपुर, रामनगर, शेरपुर, बढ़ीवाला, पांचली आदि गांवों में पानी भर जाने से जहां क्षेत्र के किसानों का करोड़ों रुपयों का नुकसान हो जाता है वहीं, रास्ते बंद हो जाने से गांवों का आपस में संपर्क भी टूट जाता है। इसके अलावा रास्ते बंद हो जाने से बच्चों का स्कूल जाना और ग्रामीणों का आवागमन बंद हो जाता है, जिससे बचाव के लिए पिछले कई वर्षों से प्रशासन द्वारा भरसक प्रयास किए जा रहे हैं, मगर आज तक बाढ़ से बचाव के माकूल इंतजाम प्रशासन नहीं कर पाया है। इसे लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रमोद उंटवाल भी सालोनी नदी पर पुल बनवाने के प्रयास में लगे हुए हैं।
सिंचाई विभाग के जेई अशोक जैन ने बताया कि गत् सप्ताह क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर बाढ़ के पानी से बचाव कराने की गुहार की थी। इसमें डीएम के आदेश पर बुधवार एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र व तहसीलदार सदर रंजीत कुमार के नेतृत्व में सोलानी नदी में खुदाई का कार्य आरंभ कर दिया गया है। करीब 3 किलोमीटर लंबाई में करीब डेढ़ फुट गहराई तक मिट्टी खोदकर लगभग 500 से 1000 क्यूसेक पानी की कैपेसिटी का करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब दस दिन तक कार्य सुचारु रूप से चलाकर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान सिंचाई विभाग के जेई अशोक जैन, शिवेंद्र भारद्वाज, पुष्पेंद्र बर्मन, अनिल निमेष आदि लोग मौजूद रहे।