योग करो और स्वस्थ रहो
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी वर्मा पार्क के चौधरी चरणसिंह भवन में लगे मोटापा रोग निवारण शिविर में मोटापे से बचाव के उपाए बताए। योगाचार्य ने कहा कि मोटापे से अनेक बीमारी होती है। नियमित योग से इस पर नियंत्रण संभव है।
भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का शुभारंभ हुआ। योगाचार्य सुरेंद्रपाल सिंह आर्य ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना की शुरुआत की। उन्होंने शरीर को स्वस्थ और एक्टिव रखन को सूक्ष्म क्रियाएं कराई। जिला प्रधान पवन सिंह बालियान ने त्रिकोण आसन, नावासन , कोणासन कराएं। योग शिक्षक राजीव रघुवंशी ने हस्तपादोत्तान आसन, शवासन, सिंहासन और हंसी क्रिया कराई। वक्ताओं ने कहा कि मोटापा निष्क्रिय जीवन तथा अनियमित खान पान का परिणाम है। भोजन चबा चबाकर खाना चाहिए। टीवी देखते हुए, क्रोध में आकर तथा तनावग्रस्त होकर भोजन कभी न करें । सदैव भूख से एक रोटी कम खाएं और सप्ताह में एक दिन का उपवास जरूर रखें। नियमित योगाभ्यास करें तो शरीर स्वस्थ और निरोगी बनेगा। मुख्य अतिथि जाट महासभा के जिला अध्यक्ष देवी सिंह सिंभालका ने कहा कि आज हम जो कुछ भी भोजन के रूप में ले रहे हैं वह सब जहर है। चाहे वह फल हो ,सब्जी हो या फिर अन्न । इसलिए यदि स्वस्थ रहना तो नियमित योगाभ्यास जरूरी है। योग आज की आवश्यकता है। योग के बिना जीवन संभव नहीं है। इस मौके पर विपुल सहरावत, सरोज बालियान, राजमोहन, विपिन शर्मा, दीपा चौधरी आदि मौजूद रहे।