सड़क निर्माण कार्य पर बन गई सहमति
शाहपुर। कस्बे में मां गोकुला देवी मंदिर रोड पर हो रहे सड़क निर्माण कार्य में आर्य परिवार ने पैंठ मैदान की जगह लेने पर आपत्ति जताई। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष व आर्य परिवार के बीच नियमानुसार सड़क निर्माण कार्य होने पर आपसी सहमति बन गई।
कस्बे में नगर पंचायत द्वारा मां गोकुला देवी मंदिर रोड की हालत जर्जर होने के साथ सड़क पर जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उक्त सड़क का कुछ चौड़ीकरण भी किया जा रहा है। नगर पंचायत द्वारा सड़क के चौड़ीकरण को लेकर आर्य परिवार ने एतराज जताया। आर्य परिवार के लोगों का कहना था कि पैंठ को लेकर न्यायालय में वाद चल रहा है और यथास्थिति के आदेश है। बावजूद इसके सड़क़ निर्माण में पैठ मैदान की भूमि को लिया जा रहा है, जो गलत है। आर्य परिवार द्वारा ऐतराज जताने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी, सभासद उमेश गोयल, फोंदा कुरैशी, विशाल गर्ग व सभासद के पति मनोज सैनी आदि मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने निर्माण कार्य कर रहे लोगों से जानकारी ली। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि कस्बे की जनता के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कस्बे की जनता के हितों के लिए वह कोई समझौता नहीं करेंगे और निर्माण कार्य जारी रहेगा। बाद में नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभासदों के साथ आर्य परिवार के लोगों से वार्ता की। शुरू में दोनों में कोई सहमति नहीं बन पाई। इस दौरान मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उधर, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे दरोगा महेंद्र त्यागी ने सड़क का निर्माण कार्य नियमानुसार होने, किसी को भी निर्माण कार्य में बाधा नहीं डालने को कहा। दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर वार्ता हुई। जिसमें दोनों पक्षों ने नियमानुसार सड़क का निर्माण कार्य होने पर सहमति जताई। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने विद्युत निगम के जेई को बुलाकर सड़क के बीच में आने वाले विद्युत खंभों को भी हटवाने की बात कही। जेई ने चेयरमैन को बताया कि शुक्रवार की शाम तक खंभों को हटवा दिया जाएगा।