मुजफ्फरनगर। रोडवेज डिपो पर हुई कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि एचआईवी एड्स जानलेवा बीमारी है, लेकिन यह हाथ मिलाने और छूने से नहीं फैलती है। रोगी के साथ खाने, रहने से कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके अलावा चिकित्सक, अधिकारियों ने चालक-परिचालक और कर्मचारियों को इस बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उप्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से रोडवेज डिपो पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें सोसायटी के पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि एड्स छूने, साथ खाना खाने, हाथ मिलाने से नहीं फैलता है। यह एक संक्रमण बीमारी है। जो असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रोगी का खून स्वास्थ्य व्यक्ति में चढ़ाने, इस्तेमाल की गई इंजेक्शन की सूईं आदि के प्रयोग करने से होता है। हालांकि इसकी रोकथाम के लिए बचाव जरूरी है। सावधानी और बचाव ही सुरक्षित रख सकता है। इस दौरान एआरटीओ राजीव बंसल, एआरटीओ प्रवर्तन सुरेंद्र सिंह ने चालक-परिचालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। जिसका पालन करने की शपथ दिलाई गई। एआरएम बीपी अग्रवाल ने चालक-परिचालकों को सुरक्षित चलने और सावधान रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में डिपो के अधिकारी, कर्मचारियों के अलावा चालक-परिचालक मौजूद रहे।