मुजफ्फरनगर। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ और भारतीय मजदूर संघ ने संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया। तहसील दिवस के अवसर पर जन समस्याओं का निस्तारण करा रहे एडीएम प्रशासन हरीश चंद्र को ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी संघ की जिला महामंत्री दीपा वर्मा के नेतृत्व में सदर तहसील पहुंची आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी पर केंद्रों का किराया नहीं देने का आरोप लगाया। नगर परियोजना की 40 बहनों का तीन वर्ष से आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया बाकी है। 236 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का लगभग दो वर्ष से किराये का भुगतान नहीं किया गया। किराया नहीं चुकाने पर मकान मालिक मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं। संघ ने भवनों के किराये का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख सहारनपुर क्षेत्र कृष्ण कुमार शर्मा ने भी डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। आंगनबाड़ी केंद्रों के किराये का भुगतान नहीं किये जाने के कारण मामला संवेदनशील बना है। इस पर गंभीरता के साथ कार्यवाही की जानी आवश्यक है। प्रदर्शन में काफी संख्या में आंगनबाड़ी रही।