मुजफ्फरनगर। रालोद के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नरेंद्र खजूरी ने कहा कि लोकदल दलितों की स्थिति सुधारने के लिए आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि छह दिसंबर को डॉ अंबेडकर के जन्मदिवस पर आगरा में एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
रालोद कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में नरेंद्र खजूरी ने कहा कि सेमीनार में देशभर के विद्वान भाग लेंगे। प्रदेश में किस तरह दलितों की उपेक्षा हो रही है और उन्हें न्याय कैसे मिले यही विषय रहेगा। खजूरी ने कहा कि अब समय आ गया है कि लोकदल दलितों की आवाज उठाए और उन्हें न्याय दिलाए। आज भी दलितों के अधिकारों का हनन हो रहा है, उन्हें बराबरी का हक दिलाने के लिए सभी सियासी दलों को संघर्ष करना होगा। रालोद ने यह बीड़ा उठाया है और वह इसे पूरा करेगा। रालोद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि रालोद ही एक ऐसी पार्टी है, जो दलितों की हितैषी है। उन्होंने दलितों के उत्थान के लिए कई बार आंदोलन किए हैं और उन्हें हक दिलाने के लिए संघर्ष किया है। जिलाध्यक्ष अजित राठी ने कहा कि समाज में दलितों को दोयम दर्जे का समझा जाता है, लेकिन अब दलितों को बराबरी का हक मिलना चाहिए।