बसेड़ा टीम ने ट्राफी कब्जाई, कबड्डी के फाइनल में धीराहेड़ी की टीम को हराया
भोपा (मुजफ्फरनगर)। यूसुफपुर में हुई चौधरी चरणसिंह कबड्डी प्रतियोगिता की चैंपियन बसेड़ा की टीम बनी। फाइनल में हुए कड़े मुकाबले में बसेड़ा की टीम ने धीराहेड़ी की टीम को हराया।
यूसुफपुर में तीन दिवसीय चौधरी चरण सिंह कबड्डी प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल भारसी और धीराहेड़ी की टीमों के बीच खेला गया। धीराहेड़ी ने भारसी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच बसेड़ा और भोकरहेड़ी के बीच हुआ, जिसमें बसेड़ा की टीम जीती। फाइनल मुकाबला धीराहेड़ी और बसेड़ा की टीम के बीच हुआ। दोनों टीमें एक-एक प्वाइंट के लिए जीतोड़ मेहनत के साथ खेल का प्रदर्शन कर रही थी। आखिर मिनटों में बसेड़ा की टीम ने जबरदस्त टक्कर के साथ धीराहेड़ी की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रभात तोमर गुड्डू, अमित राठी, प्रधान वरुण चौधरी, प्रधान जगपाल बरुकी ने विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। बेस्ट रेडर का खिताब धीराहेड़ी टीम के खिलाड़ी छोटा को मिला। कुछ गलतफहमी के कारण मैच के बाद दोनों टीमों के समर्थकों के बीच गहमागहमी भी हुई। श्लेखचंद, ईश्वर सिंह प्रधान, बबलू चौधरी, सतवीर सिंह, विरेंद्र सहरावत, गौरव किट्टी, अंशुल त्यागी, रितिक, शुभम, विकास, शिवम आदि का विशेष सहयोग रहा। रैफरी कैप्टन करहेड़ा और देवेंद्र छछरौली रहे। कमेंट्री अमित ने की।