महापंचायत का एलान, पुलिस में खलबली
भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा के गांव सीकरी में पूर्व प्रधान अम्मार व लुफ्तुर्रहमान के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। इसको लेकर ग्रामीणों ने महापंचायत का एलान किया है। महापंचायत की सुगबुगाहट से पुलिस में भी खलबली मच गई है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में रंजिश की भड़की ज्वाला ने लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। हाल ही में लुफ्तुर्रहमान की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे गांव में एक फिर नाजुक हालात बन गए हैं। दहशत में ग्रामीण जंगल में भी नहीं जा रहे हैं। हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों के साथ ग्रामीणों में भी रोष बना हुआ है। नाराज ग्रामीणों ने गांव में महापंचायत करने का एलान किया है। इससे भोपा पुलिस में खलबली मच गई है। पुलिस ने ग्रामीणों को जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने आश्वासन दिया है।
अश्लील फोटो बनाने दी धमकी
भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के एक निकटवर्ती गांव निवासी व्यक्ति ने थाने पर मुकदमा लिखवाया है। पीड़ित ने बताया कि गाजियाबाद निवासी युवक से अपनी बेटी के रिश्ते की बात चलाई थी, किसी कारण वह आगे नहीं बढ़ पाई, जिसके चलते उसने बेटी के रिश्ते को मना कर दिया। आरोप है कि जिससे रिश्ता नहीं करने पर आरोपी उसकी बेटी को फोन करना प्रारंभ कर दिया। इसका विरोध करने पर युवक ने उसकी बेटी के फोटो से छेड़छाड़ कर उसे अश्लील रूप देकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकियां दी। इसको लेकर परिजनों ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सर्पदंश से युवक की मौत
भोपा (मुजफ्फरनगर)। भोपा निवासी चमन का (25) बेटा संजू शनिवार की रात्रि घर में सोया हुआ था। अर्द्धरात्रि में उसे सांप ने काट लिया। परिजनों ने उसका निजी चिकित्सक व तंत्रमंत्र से भी उपचार कराया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। गमगीन माहौल में परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया।