हादसे में बाइक सवार की मौत, दो घायल
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जानसठ अस्पताल में उपचार को ले जाते हुए एक युवक की मौत हो गई।
थाना रामराज क्षेत्र के गांव अल्लूवाला निवासी 35 वर्षीय बाबू पुत्र तिलकराम अपने साथी गांव निवासी राहुल पुत्र कंवल सिंह व गांव हंसावाला निवासी बबलू पुत्र हरफूल को साथ लेकर बाइक पर मंगलवार की देर शाम को वापस घर जा रहा था। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव सिकरेड़ा के पास बिजनौर की रोडवेज डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से जानसठ अस्पताल के लिए भेजा। रास्ते में बाबू की मौत हो गई। गंभीर अवस्था में घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।