बैडमिंटन में कोटल ने जीती ट्रॉफी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। फुलेला गोपीचंद बैडमिंटन राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन नोएडा में हुआ। जिसमें कोटल चौधरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया। खिलाड़ी गोपीचंद ने विजेताओं को पुरस्कार देेकर सम्मानित किया।
फुलेला गोपीचंद एकेडमी हैदराबाद के तत्वावधान में नोएडा में राष्ट्रीय स्तर के कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें दयावती आदर्श इंटर कॉलेज कैड़ी दरियापुर के कक्षा सात के छात्र बिजनौर के मोहल्ला रामबाग निवासी कोटल चौधरी पुत्र अशोक चौधरी ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। स्कूल प्रबंधक नरेंद्र पंवार ने बताया कि बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश के प्रत्येक राज्य से खिलाड़ी शामिल हुए। अंडर 13 प्रतियोगिता के मुकाबलों में कोटल ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उसने 15-5, 15-0 से छत्तीसगढ़ राज्य के अक्षय को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। कोच प्रभात विश्नोई ने बताया कि कोटल को इस जीत का श्रेय उसकी लगन और मेहनत को जाता है। ट्रॉफी जीतकर आए खिलाड़ी कोटल की मां गिन्नी सिंह ने आशीर्वाद देकर गले लगाया। इस मौके पर प्रधान सतेंद्र सिंह, प्रधान बबलू, ककरौली थानाध्यक्ष अनिल सिंह, चौधरी उदयवीर सिंह, प्रधान तेजपाल, प्रधानाचार्या पूजा मलिक, हरवीर सिंह राठी, प्रशांत उपाध्याय, अमित कुमार, सुरेश कुमार, आशा, कौशल, राजपाल आदि ने खिलाड़ी का स्वागत किया।