ईद की मिठास में महंगाई का तड़का
मुजफ्फरनगर। ईद की मिठास में डायन महंगाई ने तड़का लगा दिया है। ड्राईफ्रूट्स समेत अन्य सामग्री के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, ईद की तैयारियां जोरों पर हैं। खरीदारी के लिए बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। चारों ओर बढ़ती भीड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।
ईद पर्व को लेकर रेडीमेड, ब्यूटी पार्लर, जूता, हौजरी, कटिंग सैलून और ज्वैलर्स आदि की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। शिवचौक, भगत सिंह रोड, रुड़की रोड, मोती महल, एसडी मार्केट आदि बाजारों में मुस्लिम समाज के लोग अपने बच्चों के साथ खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों पर उमड़ी भीड़ को कंट्रोल करने के लिए दुकानदारों को काफी मेहनत करनी पड़ रही है।
वहीं, दूसरी ओर अलविदा जुमे को लेकर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। डीएम-एसएसपी के नेतृत्व में एसपी सिटी, कई सीओ और शहर के तीनों थानों की पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने वायरलेस पर बाजारों में बढ़ रही भीड़ और अलविदा जुमे को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को एसएसपी अनंत देव ने शिवचौक और उसके आसपास बाजार में फ्लैग मार्च किया।
सिविल वर्दी में निगाह रखेगी पुलिस
बाजार में बढ़ती भीड़ के साथ खुराफाती भी सक्रिय होते हैं। ऐसे में माहौल बिगडऩे में देर नहीं लगती है। इसको लेकर पुलिस अमला चौकस है। आला अधिकारियों ने बाजार की व्यवस्था, लोगों की सुरक्षा और स्थिति पर पल-पल नजर रखने के लिए थान क्षेत्रों के भीड़-भाड़ वाले इलाके, बाजार में सिविल वर्दी में पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। खास सिविल ड्रेस में महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि बाजार में भीड़ या अन्य कोई अपराधिक गतिविधि हो तो उस पर तत्काल कंट्रोल किया जा सके।
काजू हुआ बेकाबू, छुआरा भी तिड़का
ईद का पर्व नजदीक आते ही सूखे मेवे भी नखरीले हो गए हैं। आसमान छू रहे दामों से लोग व्याकुल हैं। दाम के कारण काजू बेकाबू है तो छुआरा भी तिडक़ गया है। चिरौंजी भी लाल-पीली हो गई है।