मुजफ्फरनगर। सपा के नए जिलाध्यक्ष श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अभिनंदन कर लक्ष्य-2017 को फतह करने का संकल्प लिया। जुलूस के रूप में सैनी को भंगेला चेकपोस्ट से पार्टी कार्यालय लाया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि अखिलेश सरकार की समृद्ध विकास और समाज हित योजनाओं की उपलब्धि को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर रविवार को बच्ची सैनी का कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। खतौली, मंसूरपुर, घासीपुरा, जड़ौदा, वहलना चौक, सुजुडू चुंगी, मीनाक्षी चौक आदि स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के बीच स्वागत किया। जुलूस पार्टी कार्यालय पहुंच कर सभा में बदल गया। रेशम विकास निगम के चेयरमैन मुकेश चौधरी ने कहा कि अखिलेश सरकार ने चुनावी वादों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
सड़क, ग्रामीण विकास, रोजगार और सभी वर्गों के लिए विशेष योजनाएं लागू की हैं। पूर्व मंत्री एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन और पार्टी हित में कार्य करें। वरिष्ठ सपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री प्रतिबद्ध हैं। कार्यकर्ता गांव गरीब की समस्याओं को हल कराएं, ताकि पार्टी का जनाधार बढ़े।
पूर्व मंत्री उमा किरण, पूर्व जिलाध्यक्ष इलम सिंह गुर्जर, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सत्यवीर प्रजापति, महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी, गौरव जैन, शलभ गुप्ता, सभासद दीपक बंसल, नौशाद, मेहराजुदीन तेवड़ा, संजय वर्मा, दिलशाद अब्बासी, वसी अंसारी आदि मौजूद रहे। सपा युवाजन सभा की ओर से शमशेर मलिक, यूसुफ गौर, दानिश सिद्दीकी, आदिल सलमानी, मौहम्मद सुलेमान, राव अनीस, शाहवेज, नादिर आलम, मो. अरसी आदि ने स्वागत किया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी एवं उनके समर्थक कार्यक्रम में नजर नहीं आए।
सपा जिलाध्यक्ष बच्ची सैनी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। खतौली सीट से पार्टी की ओर से चुनाव लड़ चुके शाहपुर निवासी सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। संगठन में समन्वय और एकजुटता बना कर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। शीघ्र ही जिला कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।