चरथावल। कस्बे में दो माह में पीलिया से कई मौत होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग उदासीन है। इस पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक का घेराव करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। सीएचसी अधीक्षक, बीडीओ, थाना प्रभारी और ईओ नगर पंचायत को धरने पर बैठाकर पानी और पीलिया की जांच के लिए कैंप लगवाने की मांग की।
चरथावल में दो माह में करीब 12 मौत पीलिया से हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोगों को हायर सेंटरों में लाखों रुपये खर्च कर जान बचानी पड़ी। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने दूषित पानी की जांच तक कराने की जहमत नहीं उठाई। सोमवार को भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा और नगर अध्यक्ष अभिषेक बंसल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएचसी पर हंगामा शुरू कर दिया। केंद्र अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार करीब 12 बजे धरने पर पहुंचे। उन्हें देखकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। साथ ही उन्हें सीएचसी परिसर में लगे हैंडपंप का पानी पिलाया। इसके बाद बीडीओ डॉ. साजिद अहमद, ईओ नगर पंचायत मनोज कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार को धरने पर बुलाकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि एक हफ्ते से कस्बे के सभी वार्डों में पीलिया की जांच को कैंप लगाए जाएंगे। जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवार की जांच और केस हिस्ट्री तैयार की जाएगी। मंगलवार से कस्बे हैंडपंपों के पानी की जांच कराने को टीम काम लगेगी। बीडीओ ने बताया कि क्षेत्र में खराब हैंडपंपों की रिबोर कराने के लिए उच्चाधिकारियों को आग्रह किया जाएगा। चरथावल में थाना से हकीमपुरा मार्ग पर नाला अवरुद्ध होने की शिकायत पर ईओ ने धरने से कार्यकर्ताओं को लेकर मौके पर मशीन लगवाकर नाला सफाई कराई। दीपक त्यागी, सरफराज त्यागी, शीलू त्यागी, पवन त्यागी, विक्की त्यागी, अभिषेक, पप्पू ठाकुर, राजेंद्र वाल्मीकि, निसार त्यागी, बिट्टू त्यागी, दानिश प्रधान पुत्र पावटी, मामचंद, चुन्नी लाल मौजूद रहे।