किसानों के शोषण का आरोप लगा भाजपाइयों का चीनी मिल में हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल प्रशासन पर जिला पंचायत सदस्य शशी त्यागी के बारे में अभद्र टिप्पणी करने और किसानों के शोषण का आरोप लगाते हुए मिल गेट पर धरना प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता चंदन सिंह राणा ने कहा कि मिल अधिकारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। बाहर का गन्ना खरीदकर स्थानीय किसानों को पर्ची न देकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। खेतों में गन्ना खड़ा रहने से किसान अपनी अगली फसलों की समय से बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। क्रय केंद्रों पर घटतौली लगातार जारी है। भाजपा नेत्री शशी त्यागी ने कहा कि किसानों की समस्या से अवगत कराने पर अधिकारी अभद्रता करते हैं। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, चीनी मिल के उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने बताया कि एक भाजपा नेता अपने किसी रिश्तेदारी को मिल के सिक्योरिटी विभाग में नौकरी पर रखवाने का पिछले कई दिनों से नाजायज दबाव बना रहा है। लेकिन उक्त नेता को जब कोई पद खाली नहीं होने की बात कही तो वह तैश में आकर अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर मिल में आ धमके और हंगामा करने लगे। उन्होंने कहा कि शशी त्यागी के प्रति किसी भी अधिकारी ने कोई अभद्रता या अनर्गल टिप्पणी नहीं की है। सभी आरोप निराधार हैं। उधर, मामला बढ़ता देख मिल प्रशासन ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। बाद में पुलिस व अधिकारियों के समझाने पर कार्यकर्ता वापस लौटे। इस मौके पर सुशील चौधरी, अंबरीश राणा, रविंद्र चौधरी, शुभम सिंघल, हेमपाल सिंह, अजय तंवर, संजय चौहान, प्रमोद त्यागी आदि रहे।