3.7 करोड़ से बनेगी क्षतिग्रस्त कुटी रोड व नाला निर्माण
देवबंद (सहारनपुर)। नगरपालिका परिषद द्वारा कुटी रोड पर डा. बीआर आंबेडकर राजकीय छात्रावास तक क्षतिग्रस्त सड़क तथा नाले व नालियों के निर्माण कराने जाने हेतु लगभग 3 करोड़ 7 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रस्ताव नगर विकास मंत्रालय को भेजा गया है।
श्री पंचायती ठाकुरद्वारा मंदिर कमेटी द्वारा संचालित कुटी कमेटी के महामंत्री अशोक गुप्ता ने बताया कि विगत 8 जनवरी को मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी से श्रीकृष्ण वाटिका कुटी स्थल के कायाकल्प व पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कमेटी पदाधिकारियों ने क्षतिग्रस्त सड़क, नाला निर्माण और पथ प्रकाश व्यवस्था जनहित में कराए जाने की मांग की थी। उनकी मांग को उचित मानते हुए मंडलायुक्त ने समारोह में मौजूद पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी और अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार को कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया था। पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी के प्रयासों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत अनुमानित लागत 3 करोड़ 7 लाख रुपये की कार्ययोजना वित्तीय वर्ष 2018-19 तैयार कराकर स्वीकृति हेतु शासन को भेज दी गई है। कमेटी पदाधिकारियों ने उक्त कार्ययोजना शासन को भेजे जाने का स्वागत किया है।