देवबंद (सहारनपुर)। जम्मू के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमले की चौतरफा कड़ी निंदा हो रही है। नगर के विभिन्न संगठनों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार से जैस-ए-मोहम्मद जैसी आतंकी संगठनों को उनके घर में घुसकर नेस्तनाबूद करने हेतु सेना को खुली छूट दिए जाने की मांग की है।
सिविल बार एसोसिएशन ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में कहा कि आतंकियों के उस कुकृत्य से देश का प्रत्येक नागरिक आहत है। केंद्र सरकार से मांग है कि वह पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैस-ए-मोहम्मद को नेस्तनाबूद करे। हाफिज सईद और अजहर मसूद जैसे कुख्यात आतंकियों को तुरंत भारत को सौंपे। पाकिस्तान के समर्थन में बयान देने वाली जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती जैसे नेताओं को देशद्रोही घोषित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। इससे पूर्व बार रूम में आतंकी हमले में शहीद 42 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अध्यक्ष सुरेश चंद त्यागी, राशिद हुसैन, समय सिंह पुंडीर, तुषार गौरव चौहान, आशीष शर्मा, सुनील शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मदनपाल सिंह, कुंवरपाल सिंह, मनीष कश्यप, मो. आबिद आदि अधिवक्ता रहे। मोहल्ला सैनी सराय में एक्स सर्विसमैन पैरामिलिट्री एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष रामकिशन सैनी और चौधरी नरेंद्र पंवार ने कहा कि आतंकी संगठनों को अब जड़ से खत्म करने का समय आ गया है। अध्यक्षता रामकुमार व संचालन सोमवीर शर्मा ने किया। बैठक में ईसम सिंह, विनोद पुंडीर, शक्ति सिंह, सतेंद्र मलिक, वीरेंद्र चौधरी, प्रदीप चौधरी, सुनील रोड, सुभाष रोड, कंवरपाल, कर्ण सिंह, सुदेश कुमार, राशिद खान, हरपाल सिंह, रविंद्र सिंह, महावीर सिंह, खुर्शीद अहमद आदि मौजूद रहे।