न्यूज एजेंसी पर समाचार पत्रों में आग लगाई
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के झांसी रानी चौक के पास नेशनल न्यूज एजेंसी है। एजेंसी संचालक देवेंद्र खरबंदा ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे से उनके यहां दिल्ली व जिले से प्रकाशित कई अखबार वितरण के लिए आ जाते हैं। जिन्हें टैक्सी संचालक दुकान के बाहर ही रखकर चले जाते हैं। सुबह करीब चार बजे कर्मचारी के आने तक उक्त अखबार दुकान के बाहर बरामदे में ही रखे रहते हैं। देवेंद्र खरबंदा के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे असामाजिक तत्वों ने एजेंसी के बाहर रखे अखबारों के बंडलों में आग लगा दी। इसमें वितरण के लिए आए हुए करीब सात हजार अखबार की प्रतियां जलकर नष्ट हो गई। जिससे हजारों रुपयों का नुकसान हुआ। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू किया। एजेंसी संचालक ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच पड़ताल में लगी है।
मुठभेड़ में सात भैंस चोर दबोचे
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तितावी थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर छतैला रोड पर चेकिंग के दौरान टाटा-एस वाहन में सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे, जिस पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को धर दबोचा, जबकि दो फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों में आसिफ, इस्लाम, इमरान निवासीगण मोहल्ला देवीदास खतौली, जुगनू, अहसान, महताब निवासीगण पावटी चरथावल और इमरान निवासी छपार शामिल हैं। वहीं, फरार बदमाशों की पहचान काला उर्फ नसीम निवासी गांव नावला मंसूरपुर और तस्लीम उर्फ कल्लू उर्फ जनरेटर निवासी कुटेसरा चरथावल हैं। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पशु चोर हैं, जिनके कब्जे से पांच तमंचे, दो चाकू, एक चोरी की भैंस और एक टाटा-एस बरामद किया गया है। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।