जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्वीकृत
मुजफ्फरनगर। शहर के शिवचौक पर पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलेगा। विदेश मंत्रालय ने सिटी डाकघर में अलग से इसके लिए ऑफिस का निर्माण कराया है। 28 जनवरी से पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ हो जाएगा। अब जिले के लोगों को पासपोर्ट के लिए गाजियाबाद चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिले की जनता को पासपोर्ट के लिए गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय जाना पड़ता था। कागजों की कमी होने पर परेशानी और अधिक बढ़ जाती थी। जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलवाने के लिए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ. संजीव बालियान ने गत वर्ष विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था। विदेश मंत्रालय ने प्रक्रिया शुरू की तो डाक विभाग ने जगह देने से मना कर दिया। इस बीच डॉ. बालियान ने डाक विभाग के अधिकारियों से बात की। अब विदेश मंत्रालय की टीम ने शिव चौक स्थित डाकघर के एक हिस्से में पासपोर्ट केंद्र खोलने की अनुमति दी है। विदेश मंत्रालय से आए अधिकारियों ने अपनी देखरेख में पासपोर्ट सेवा केंद्र का निर्माण कार्य पूरा कराया। डॉ. संजीव बालियान ने बताया कि पासपोर्ट केंद्र बनाने में जो खर्च आएगा। वह विदेश मंत्रालय ही वहन करेगा। स्टाफ भी उन्हीं का रहेगा। मंत्रालय से उनके पास सूचना आई है कि वह इसे शीघ्र शुरू किया जाए। 28 जनवरी को पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
डाक विभाग से अलग बनाया गेट
मुजफ्फरनगर। पासपोर्ट सेवा केंद्र का गेट डाक विभाग से अलग रखा गया है। पूरा ऑफिस इस तरह तैयार किया जा रहा है जिससे किसी भी प्रकार का व्यवधान पैदा न हो। पासपोर्ट सेवा केंद्र का कार्य नियमित चलता रहे। डाक विभाग अपना काम अलग से करता रहे।