क्रिकेट टूर्नामेंट में अवेंजर व चैलेंज तेंदुलकर टीम जीती
जानसठ। जेसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ में चार टीमों के बीच मैच खेला गया। इस मैच में अवेंजर व चैलेंज तेंदुलकर टीम ने मैच जीत कर अपना दबदबा बनाया।
डीएवी इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जेसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में जेसीएल के चेयरमैन हिलाल अली खां ने बताया कि टूर्नामेंट में क्षेत्र की आठ टीमें खेलेंगी। फाइनल 26 दिसंबर को खेला जाएगा। मैच के शुभारंभ के पहले दिन अवेंजर क्रिकेट क्लब के कप्तान शाहनवाज व ब्लू इंडियन क्रिकेट क्लब के कप्तान हैदर अली खान के बीच हुआ। अवेंजर क्रिकेट क्लब के कप्तान शाहनवाज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ब्लू इंडिया के खिलाड़ियों ने 18 ओवर में 171 रन सात विकेट के नुकसान पर बनाए। दीपक तोमर ने 41 गेंदों पर 71 रन बनाए। गुलशन ने 34 गेंदों में 61 रन का सहयोग किया। वहीं, अवेंजर क्रिकेट क्लब ने लक्ष्य को मात्र 16 ओवर 2 गेंदों में पूरा कर जीत हासिल की। टीम के खिलाड़ी अरबाज ने 63, अनुज ने 26, विशु ने 24 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच अरबाज को दिया गया। दूसरा मैच चैलेंज तेंदुलकर के कप्तान वाशु व विक्टोरिया क्लब के कप्तान सुमाल के बीच हुआ। विक्टोरिया क्लब ने पहले खेलते हुए 18 ओवरों में 145 रन बनाए। जबकि चैलेंज तेंदुलकर क्लब ने 15 अवर 3 गेंदों में 8 विकेट खोकर मैच पर जीत हासिल की। मैच की कॉमेंट्री नैयर जैदी, राजा अली खां के द्वारा की गई। टूर्नामेंट में अब्बास अली खां, सभासद विकास गुप्ता, टीटू उपाध्याय, सुनील कश्यप, हसन अली खान, सचिन शर्मा, नितिन, नौशाद कुरैशी आदि मौजूद रहे।