खतौली। गांव बड़सू के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करवाने का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
रतनपुरी के गांव बड़सू के ग्रामीण शुक्रवार को एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर एक जाति के लोगों को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि इस बारे में जब प्रधान से कहा गया तो उन्होंने उक्त भूमि को एक ही समाज के लोगों की बताते हुए कब्जा कराने की बात कही। ग्रामीणों ने एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी से सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा कब्जाधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। मौके पर कर्णवीर, प्रदीप, गुड्डू, विनय, मनीष, दीपक, अर्जुन, सत्तो, सुमन, जीतकौर, रामवती, रमेशो, पुष्पा देवी, सावित्री, अंकित, निक्की कटारिया आदि शामिल रहे।