झांसा देकर किया यौन शोषण
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने शुक्रवार को तहरीर देकर पड़ोसी पीएसी के जवान पर कई साल से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप लगाया कि तीन दिन पूर्व आरोपी ने उसे बहाने से खेतों में बुलाकर दुष्कर्म किया और धमकी देकर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि उसके पड़ोस का युवक पीएसी में तैनात है। आरोप लगाया कि युवक ने कई साल पूर्व उसे प्रेम जाल में फंसा लिया था, जिसके बाद वह शादी करने का झांसा देकर उसके साथ लगातार विवाहेतर संबंध बना रहा था। कुछ समय पूर्व आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया, जिस पर युवती ने उससे दूरी बना ली थी। पीड़िता के अनुसार 13 नवंबर को आरोपी जवान ने युवती को बहाने से खेतों पर बुला लिया, जिसके बाद उसने पीड़िता को ईख के खेत में खींचकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपी ने युवती के साथ ही उसके परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार इसी दौरान उसका भाई उसे तलाश करते हुए वहां पहुंच गया, जिसके बाद आरोपी जवान युवती व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधवा ने जेठ पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
भोपा। खादर क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति की करीब पांच वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। तभी से वह मजदूरी कर परिवार को चला रही है। पीड़िता के अनुुसार, शुक्रवार सुबह उसका जेठ जबरन घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।