मुजफ्फरनगर। भगवान दक्ष प्रजापति जयंती शुक्रवार को रुड़की रोड स्थित प्रजापति यादे माता धर्मशाला में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया, वहीं समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया गया। शाम के समय शहर क्षेत्र में बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।
शहर के रुड़की रोड स्थित प्रजापति यादे माता धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मण प्रजापति व विशिष्ट अतिथि रमेश प्रजापति ने भगवान दक्ष के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया। पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा नेता मोहन प्रजापति, नरेश प्रजापति, श्याम सुंदर प्रजापति ने फीता काटा। हवन-पूजन के बाद समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ ही बुजुर्गों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने समाज के लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। तत्पश्चात बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद शहर में बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरणपाल प्रजापति व संचालन उदयपाल प्रजापति ने किया। मनोज प्रजापति, राजीव प्रजापति, मांगेराम, महेंद्र, देवेंद्र, विजय, अश्वनी, रमेश, सुखबीर, सतबीर इंजीनियर, कृष्णा, अजब सिंह, मेहर सिंह, मधु एडवोकेट, सतपाल व गौरव प्रजापति का सहयोग रहा।