सिखेड़ा। गांव भटौड़ा में किसान पुत्र की हत्या के मामले में करीब डेढ़ माह भी पुलिस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। बृहस्पतिवार को एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने पीड़ित किसान के घर पहुंच कर परिवार को सांत्वना देते हुए शीघ्र हत्याकांड का खुलासा कराने का आश्वासन दिया।
11 जून को भटौड़ा निवासी किसान अनार सिंह के 19 वर्षीय पुत्र अमित उर्फ मोनू की उस समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जब वह दोपहर को अपने खेत पर गया था। अमित का शव उसके अपने खेत में ट्यूबवेल से करीब 30 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में बरामद हो गया था। मृतक अमित के भाई विजय ने पूर्व प्रधान जयकार सिंह पुत्र मंगलू, रवि व आशु पुत्र जयकार सिंह, प्रेम सिंह पुत्र भूप सिंह के विरुद्ध नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। विजय ने हत्या का कारण मृतक और पूर्व प्रधान के पुत्रों में 20 दिन पहले किसी बात को लेकर झगड़ा होने की बात कही थी। पुलिस ने नामजदों को हिरासत में लिया। बृहस्पतिवार को एसएसपी के पहुंचने से पहले दोपहर को मीडिया को बुला कर पीड़ित पिता ने अपनी व दूसरे पुत्र की हत्या की आशंका जताई थी। शाम को एसएसपी अनंत देव तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पिता अनार सिंह को सांत्वना देते हुए जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।