मोरना। गांव करहेड़ा में आयोजित चौधरी चरण सिंह मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता में धीराहेड़ी क्लब ने बसेड़ा की टीम को फाइनल में हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मोहित फखरपुर को उम्दा प्रदर्शन करने पर बेस्ट रैडर चुना गया।
मोरना ब्लाक के गांव करहेड़ा में डे नाइट चौधरी चरण सिंह कबड्डी मेमोरियल एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें लिब्बाहेड़ी व खेड़ाजट उत्तराखंड, राठी क्लब इटावा, रणखंड़ी, विजय क्लब बसेड़ा, तरडक़, मीरकपुर, मुझेड़ा, वेदवान क्लब धनोरा, काकड़ा, नंहेड़ा, करहेड़ा आदि टीमों ने भाग लिया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अनिल राठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में लोना सिस्टम के आधार पर खेले गए प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले में धीराहेड़ी ने करहेड़ा को 19-12 से, द्वितीय सेमीफाइनल में बसेड़ा ने फखरपुर को 24-15 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रोचक फाइनल मुकाबले में निर्धारित 30 मिनट के समय में धीराहेड़ी की ओर से छोटू ने खेल के अंतिम मिनट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बसेड़ा की टीम को 25-24 से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। विशिष्ट अतिथि बिंदर लंबरदार ने विजेता, उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान कैप्टन चौधरी, वाजिद ढ़ांसरी, उपेंद्र सिंह, पिंटू बधाई ने रेफरी की मुख्य भूमिका निभाई। वहीं प्रतियोगिता के आयोजन में शुभम, बच्ची, राहुल, राजा, उधम, अंकुर, प्रशांत, कुणाल, मोंटी, शंकी, विक्की आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।