जानसठ। गांव गढ़ी नाले का पुल निर्माण करने को ठेकेदार ने नाले का पानी रोक दिया। जिससे यह पानी किसानों के खेतों में भर गया। पानी भरने से किसानों की 15 बीघा सब्जी की फसल पानी भरने से नष्ट हो गई। किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने तहसीलदार से शिकायत कर मुआवजा दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को जानसठ के किसान हरपाल, ऋषिपाल, पप्पू व किशन आदि एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। इन किसानों ने तहसीलदार को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि गढ़ी नाले पर सडक़ बनाने वाले ठेकेदार द्वारा पुल बनाया जा रहा है। ठेकेदार ने नाले में मिट्टी भरवाकर पानी रोक दिया है। जिससे आधा दर्जन किसानों की 15 बीघे से अधिक सब्जी की फसल पानी भरने के कारण नष्ट हो गई है। किसानों ने नष्ट हुई सब्जी की फसल का मुआवजा दिलाने के लिए तहसीलदार पुष्कर नाथ से मांग की है। तहसीलदार ने इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। शिकायत करने वालों में सभासद अनु सैनी, सुनील कुमार, कृष्ण कुमार, विवेक उपाध्याय आदि शामिल रहे।
कच्ची शराब के साथ एक पकड़ा
सिखेड़ा। पुलिस ने मदौड़ से अवैध शराब बनाने की भटटी पर छापा मारकर 5 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव मदौड़ में यूरिया से अवैध शराब बना रहे सोम पाल पुत्र मांगे राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।