कप्तान जिद पर अड़े रहे तो जेल भरेंगे दलित: दीपक
मुजफ्फरनगर।
प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार ने कहा कि जाति के नाम पर टारगेट बनाकर दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। एसएसपी निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कराते रहे, तो दलितों को खुद ही जेल भरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। लोगों में इतना आक्रोश है कि इनकी जेल छोटी पड़ जाएंगी। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि दलित अमरेश की मौत पुलिस की गोली से हुई है। पुलिस ने भीड़ पर अवैध हथियारों से फायरिंग की थी। भीड़ में किसी के पास भी कोई हथियार नहीं था।
झांसी की रानी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता में पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा मुस्लिम के साथ ही दलित विरोधी भी है। फर्क इतना है कि मुस्लिमों के खिलाफ खुला एजेंडा है और दलितों के खिलाफ छिपा एजेंडा है। दो अप्रैल को शहर में जो भीड़ एकत्र हुई वह लीडर लैस थी, किसी नेता के बुलावे पर नहीं आई थी। भीड़ के पास कोई हथियार नहीं था। भीड़ में शामिल होकर कुछ अराजक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। इस सबके बावजूद भी शहर में सभी स्थानों पर व्यापारियों ने दलितों को पीटा। पुलिस ने दलितों को पीटा। मौत भी दलित युवक की हुई और गोली लगने से घायल भी दलित हुए। पुलिस ने दलितों पर अवैध हथियारों से जमकर फायरिंग की। अमरेश की मौत पुलिस की गोली से ही हुई। इतना कहर ढाने के बाद भी निर्दोष दलितों की गिरफ्तारी की जा रही है। एसएसपी जिद नहीं छोड़ रहे हैं, गरीब समाज को तबाह करना चाहते हैं। जातीय मानसिकता के आधार पर दलितों की इसी प्रकार गिरफ्तारी होती रही तो जल्द ही समाज को जेल भरने का निर्णय लेना पड़ेगा। बसपा जिलाध्यक्ष कमल गौतम और रेत्ता नंगला के पूर्व प्रधान जयद्रथ को रंजिशन गिरफ्तार किया गया। वार्ता में सोमदत्त शर्मा, गोपाल शर्मा, महफूज राना, मुकेश शर्मा आदि शामिल रहे।
कांग्रेसी झांसी की रानी पर करेंगे उपवास
मुजफ्फरनगर। पूर्व मंत्री दीपक कुमार ने बताया कि कांग्रेस अहिंसात्मक तरीके से नौ अप्रैल को झांसी की रानी पर उपवास करेगी। निर्दोष दलितों की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने यह निर्णय लिया है।