जानसठ। कस्बे में शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर की गई सुरक्षा व्यवस्था में कई थानों की पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा। मंगलवार को छात्र समीर की अपने दोस्तों के साथ नहाते समय गंगनहर में डूबने से मौत हो गई थी। जिसमें उसके परिजनों ने तीनों दोस्तों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया था। घटना को लेकर उसी दिन से नगर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने तीनों दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था और पूछताछ कर बृहस्पतिवार की रात को तीनों नामजद दोस्तों को बेगुनाह मानते हुए छोड़ दिया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया था।
सेल्समैन के साथ मारपीट
जानसठ। गांव खलवाड़ा में स्थित देसी शराब के ठेके पर शराब के ओवर रेट को लेकर कुछ युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के बाद पुलिस ने बिना कार्रवाई के ही युवकों को छोड़ दिया। उधर, जानसठ के सलारपुर निवासी अफजाल पुत्र जाने आलम ने तहरीर देते हुए बताया कि गांव के ही तीन युवकों ने मारपीट कर उसकी जेब में रखी नगदी व मोबाइल छीन लिया। बताया कि वह गांव में ही एक दुकान पर कुछ सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उस पर पीछे से हमला बोलकर उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब से पैसे व मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।